Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

ग्रेटर कैलाश में सड़क हादसे में 71 वर्षीय महिला की मौत

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास एक अनियंत्रित एसयूवी कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित के रिश्तेदारों और पड़ोसियों के अनुसार, दंपति रविवार को इलाज के लिए एक दंत चिकित्सक के पास गए थे और चिकित्सक से दिखाने के बाद सड़क किनारे एक ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रहे थे, तभी कथित तौर पर लापरवाही से चलाई जा रही तेज रफ्तार एसयूवी गाड़ी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को ग्रेटर कैलाश-1 थाने को सड़क हादसे के संबंध में सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद बुजुर्ग दंपति को टक्कर मार दी। घायल दंपति को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 71 वर्षीय शशि को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना में एक कार, दो ऑटो रिक्शा और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के मुताबिक, शशि के पति कुलभूषण हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें बाद में बयान दर्ज कराने के लिए फिट घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125(ए) (किसी के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से चोट पहुंचाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक तपन अहीर (59) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह घटना के वक्त शराब के नशे में था या नहीं।

पीड़ितों की रिश्तेदार दीप्ति ने बताया कि वे दांत का इलाज कराने के बाद वाहन के इंतजार में सड़क किनारे खड़े थे।

उन्होंने कहा, 'उनकी गलती सिर्फ इतनी थी कि वे सड़क किनारे खड़े थे और एक लापरवाह चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मेरी भाभी की मौत हो गई और मेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।'

उन्होंने कहा कि उसके भाई को कई चोटें लगी हैं जिन्हें ठीक होने में समय लगेगा।

पड़ोसियों ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं और दोनों शादीशुदा हैं।

भाषा नोमान

नोमान अविनाश

अविनाश