Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में दो करोड़ रुपये कीमत का 400 किलोग्राम गांजा बरामद, पांच गिरफ्तार

रायपुर, 24 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनसे लगभग दो करोड़ रुपये कीमत का 400 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘‘ऑपरेशन निश्चय’’ के तहत की गई। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, देवभोग थाने की टीम 23-24 अगस्त की रात राष्ट्रीय राजमार्ग 130 सी के खुटगांव नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी उन्होंने ओडिशा से आ रहे एक ट्रक को रोका।

अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन की छत पर काले तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक संतोष अनंता मोहिते (49) और ट्रक में सवार सुमित सुभाष थोड़वे (35), हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। दोनों महाराष्ट्र के निवासी हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल पर उनके आगे चल रहे दो लोग ट्रक को रास्ता दिखा रहे थे। इस जानकारी के आधार पर, पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोका और महाराष्ट्र के रहने वाले पंकज अनंता मोहिते (47) और ओडिशा के कालाहांडी जिले के जालंधर खम्हारी (43) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान 400 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन, 1.50 लाख रुपये नकद, एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के आधार पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांजा को ओडिशा के कालाहांडी जिले के निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त किया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाद में ओडिशा निवासी दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि दिसारी के कब्जे से गांजा खरीद-बिक्री में प्रयुक्त पांच लाख रूपए नकदी जब्त की गई।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ पर रोकथाम संबंधी ‘एनडीपीएस’ कानून की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया।

भाषा संजीव आशीष

आशीष