Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

ग्रेटर कैलाश में सड़क हादसे में 71 वर्षीय महिला की मौत

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास एक अनियंत्रित एसयूवी कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को ग्रेटर कैलाश-1 थाने को सड़क हादसे के संबंध में सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद पैदल जा रहे एक बुजुर्ग दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दंपति को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 71 वर्षीय शशि को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना में एक कार, दो ऑटो रिक्शा और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के मुताबिक, शशि के पति कुलभूषण (65) हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें बाद में बयान दर्ज कराने के लिए फिट घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125(ए) (किसी के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से चोट पहुंचाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक तपन अहीर (59) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी एक व्यक्ति के यहां चालक के तौर पर काम करता था और घटना के वक्त कैलाश कॉलोनी मार्केट से किसी को लेने जा रहा था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह घटना के वक्त शराब के नशे में था या नहीं।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप