Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

बी.एल. संतोष पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर

चंडीगढ़, 24 अगस्त (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष ने सोमवार को पंजाब का दो दिवसीय दौरा शुरू किया। इस दौरे का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करना और चुनावी राज्य में ज़मीनी स्तर पर समन्वय एवं तैयारियों को मज़बूत करना है।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।

भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी नरिंदर सिंह रैना ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संतोष का स्वागत किया।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि वह पूरे राज्य में भाजपा नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।

सोमवार को संतोष पटियाला और बठिंडा में बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।

बयान के अनुसार, पटियाला की बैठक में मोहाली, पटियाला उत्तर, पटियाला शहरी, पटियाला दक्षिण, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बठिंडा की बैठक में बरनाला, मानसा, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मंगलवार को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बयान में कहा गया कि लुधियाना बैठक में लुधियाना ग्रामीण, लुधियाना शहरी, मोगा, जगराओं, खन्ना, मलेरकोटला और रोपड़ के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इसमें कहा गया कि जालंधर की बैठक में जालंधर उत्तर, जालंधर शहरी, जालंधर दक्षिण, होशियारपुर शहरी, होशियारपुर ग्रामीण, नवांशहर और कपूरथला के नेता शामिल होंगे।

बयान के अनुसार, इस क्रम में अंतिम क्षेत्रीय बैठक अमृतसर में होगी, जिसमें अमृतसर शहरी, अमृतसर ग्रामीण-1 और 2, तरनतारन, गुरदासपुर, बटाला, पठानकोट और फ़िरोज़पुर के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ भी अलग से एक बैठक निर्धारित की गई है।

संतोष का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हाल ही में हुए संगठनात्मक फेरबदल को लेकर भाजपा की प्रदेश इकाई में असंतोष है। नेताओं के एक तबके ने प्रदेश नेतृत्व पर पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का आरोप लगाया है।

भाषा नेत्रपाल अविनाश

अविनाश