Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

चंडीगढ़ में आईईडी बरामदगी मामले में पंजाब के तीन लोग गिरफ्तार

चंडीगढ़, 24 अगस्त (भाषा) चंडीगढ़ में एक 'इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (आईईडी) की बरामदगी के मामले में पंजाब के रहने वाले तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रविवार को यहां सेक्टर 43 स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस के पीछे वन क्षेत्र से एक बैग के अंदर टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखा गया आईईडी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी में पांच किलोग्राम जिलेटिन छड़ विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से संचालित प्रणाली, एक पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच कारतूस शामिल थे।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े संदिग्ध लोगों की गतिविधियों के संबंध में मिली विशेष खुफिया जानकारी के बाद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरन तारन के सरहाली गांव निवासी लवप्रीत सिंह (19), तरन तारन के देवबाथ गांव निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21) और अमृतसर के तरसिक्का गांव निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में रह रहे बीकेआई के हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। सतनाम के निर्देश पर उन्होंने चंडीगढ़ में आतंक फैलाने के लिए आईईडी लगाने की साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि व्यापक नेटवर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव