Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

हिमाचल प्रदेश: पांवटा साहिब में कुंड में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत

नाहन (हिमाचल प्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) सिरमौर जिले में दो बच्चों की एक कुंड में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि निहालगढ़ क्षेत्र के पांच बच्चे रविवार शाम पांवटा उपमंडल के जंबू खाला में नहाने गए थे। उसने बताया कि नहाने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा तथा उसे बचाने की कोशिश में दूसरा बच्चा भी गहरे पानी में डूब गया।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित (नौ), सिद्धार्थ (नौ) और अंकुर (आठ) को सुरक्षित बाहर निकाला तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।

उसने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अनवर के बेटे जाबिर (नौ) और बिहार के समस्तीपुर निवासी सिकंदर के बेटे सत्यम (आठ) की डूबने से मौत हो गई।

पांवटा के पुलिस उपाधीक्षक मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे सत्यम और जाबिर की तलाश शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चे गहरे कुंड से बरामद किए गए जिसके बाद उन्हें पांवटा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी