Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

मध्यप्रदेश: पिकनिक स्थल पर हादसा, दो शिक्षकों और एक छात्र की डूबने से मौत

रतलाम, 23 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम शहर के पास रविवार को एक पिकनिक स्थल पर पानी से भरे कुंड में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य विद्यार्थियों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि जावरा कस्बे के एक निजी विद्यालय के चार शिक्षकों और 13 विद्यार्थियों का दल रतलाम शहर से 11 किलोमीटर दूर पैराडाइज वैली में पिकनिक मनाने आया था।

उन्होंने बताया कि इस जगह झरने के नीचे पानी से भरे कुंड में नहाने के दौरान दल में शामिल कुछ लोग डूबने लगे।

घनघोरिया ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने तीन विद्यार्थियों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जबकि दो शिक्षकों और एक छात्र की पानी में डूबने से मौत हो गई।

सीएसपी के अनुसार मृतकों की पहचान विजय सिंह (52), प्रिंस मोदी (28) और हर्षित पाटीदार (15) के रूप में हुई है।

घनघोरिया ने बताया कि बचाए गए एक छात्र और दो छात्राओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज करके हादसे की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं. हर्ष जोहेब

जोहेब