Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

यूटीटी: पायस और सिंड्रेला एकल वर्ग में बने चैंपियन

कानपुर, 23 अगस्त (भाषा) दिल्ली के पायस जैन और पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास ने रविवार को यहां यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला एकल का खिताब जीत लिया।

पायस ने पीएसपीबी के मानव ठक्कर को 4-1 से हराया जबकि पहले ही अंडर-19 वर्ग का खिताब जीत चुकी सिंड्रेला ने महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक को कड़े मुकाबले में 4-2 से मात दी।

पुरुष एकल का फाइनल चैंपियनशिप के सबसे रोमांचक मुकाबलों में रहा। तीसरी वरीयता प्राप्त पायस और दूसरी वरीयता वाले मानव के बीच जोरदार रैलियों और उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में दोनों ने कई बार अपना दबदबा बनाया, लेकिन अंत में पायस ने बाजी मार ली।

महिला एकल का फाइनल भी कड़ा रहा। इससे पहले सेमीफाइनल में सिंड्रेला ने पीएसपीबी की स्वस्तिका घोष को सात गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया। निर्णायक गेम में 4-7 से पिछड़ने के बाद सिंड्रेला ने संयम बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम किया।

चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों के बढ़ते प्रभाव की भी झलक देखने को मिली। कई अनुभवी और शीर्ष खिलाड़ियों को फाइनल से पहले ही बाहर होना पड़ा। शीर्ष वरीय मनुष शाह और यशस्विनी घोरपड़े को एकल सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा, जबकि क्वालीफायर के जरिए मुख्य दौर में पहुंची श्रीजा अकुला अंतिम 16 से आगे नहीं बढ़ सकीं।

अंडर-19 पुरुष एकल फाइनल में भी सात गेम तक रोमांचक मुकाबला हुआ। आरएसपीबी के प्रियानुज भट्टाचार्य ने तमिलनाडु के पीबी अभिनंद को 4-3 से हराकर खिताब जीता। अंडर-19 महिला एकल में सिंड्रेला दास ने तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता