Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

छात्राओं के साथ बांध में नहाने का वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी विद्यालय का प्रधानाचार्य निलंबित

जयपुर, 23 अगस्त (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में एक सरकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य को छात्राओं के साथ बांध में नहाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

थानागाजी क्षेत्र के राउबावी पाड़क छापली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल चंद मीणा को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

शनिवार को जारी निलंबन आदेश के अनुसार, मीणा और विद्यालय की छात्राओं से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर सामने आए थे।

विभाग ने कहा कि प्रथमदृष्टया उनका आचरण सरकारी कर्मचारी के लिए निर्धारित आचार संहिता का उल्लंघन है।

मीणा के खिलाफ राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान मीणा का मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर रहेगा।

यह कार्रवाई एक कथित वीडियो के वायरल होने के बाद की गई, जिसमें प्रधानाचार्य कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं के साथ बांध के पानी में नहाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बताया गया कि प्रधानाचार्य 15 अगस्त को विद्यालय के 200 से अधिक विद्यार्थियों को लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित एक बांध पर ले गए थे। बांध में करीब 11 फुट पानी था और डूबने के खतरे के कारण वहां नहाना प्रतिबंधित था।

इस दौरान कुछ विद्यार्थियों ने वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब