Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

हिमाचल में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का गायन किया

शिमला, 23 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगीत को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस सरकार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां रिज मैदान में वंदे मातरम् का गायन किया।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा विधायक दल ने विधानसभा में मांग की थी कि सदन में पूरे वंदे मातरम् का सम्मान और आदर के साथ गायन कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रगीत का गायन शुरू में सदन के प्रस्तावित कार्य में शामिल था, लेकिन कार्यवाही शुरू होने से पहले इसे हटा दिया गया।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र जारी है और इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस तथा भाजपा के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। सत्र के पहले दो दिन सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पहले कहा था कि सदन अपने नियमों और परंपराओं के अनुसार चलता है, जिसकी कार्यवाही राष्ट्र गान से शुरू होती है और राष्ट्र गीत के साथ समाप्त होती है।

उन्होंने कहा कि नियमों को आम सहमति से बनाया गया है और इन्हें कोई एक सदस्य नहीं बदल सकता है।

कुलदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्र गीत पर संसद का कानून संसद और केंद्र सरकार के संस्थानों पर लागू होता है, जबकि राज्य विधानसभा की अपनी नियमावली होती है।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा की मांग पर सकारात्मक जवाब देने के बजाय कांग्रेस सरकार ने टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप