Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

राजस्थान : शादी से एक दिन पहले दूल्हे और चचेरे भाई की सड़क दुर्घटना में मौत

जयपुर, 23 जून (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले में शादी से एक दिन पहले हुए सड़क हादसे में दूल्हे और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। दोनों शादी का सामान लेकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे तभी सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर लुखू भाखरी गांव के पास सदर थाना क्षेत्र में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सेड़वा गौड़ा निवासी नरपतराम (21) पुत्र गोकलाराम और उसके चचेरे भाई सुखदेव (27) पुत्र वागाराम के रूप में हुई है। नरपतराम की मंगलवार (23 जून) को बारात जानी थी। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों युवक परिवार के सदस्यों के साथ शादी का सामान खरीदने बाड़मेर शहर गए थे और मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। अन्य परिजन अलग वाहन में पीछे आ रहे थे। तभी सामने से आ रही पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल ले गए, जहां सुखदेव को मृत घोषित कर दिया गया। नरपतराम को आगे उपचार के लिए सांचौर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

सदर थाना क्षेत्र के सहायक उपनिरीक्षक यूसुफ खान ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन तथा मोटरसाइकिल को जब्त किया। बाद में राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।

पुलिस ने कहा कि फरार चालक की तलाश जारी है।

भाषा बाकोलिया मनीषा

मनीषा