Breaking News

पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |  

'Spider-Man: Brand New Day' का फाइनल ट्रेलर रिलीज, हल्क से भिड़ते नजर आए टॉम हॉलैंड

मार्वल ने टॉम हॉलैंड स्टारर फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का फाइनल ट्रेलर रिलीज कर दिया है। फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। 2 मिनट 37 सेकंड के इस ट्रेलर में पीटर पार्कर के नए सफर और हल्क के साथ उसकी जबरदस्त भिड़ंत की झलक देखने को मिलती है। ट्रेलर की शुरुआत में टॉम हॉलैंड का पीटर पार्कर सामान्य जिंदगी में लौटने की कोशिश करता नजर आता है। हालांकि, उसे लगातार यह देखने का दबाव महसूस होता है कि उसके पुराने दोस्त अब अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं।

'ब्रांड न्यू डे' की शुरुआत के साथ पीटर पार्कर एक ऐसी दुनिया में स्पाइडर-मैन बनकर अपराध से लड़ रहा है, जहां अब कोई उसे याद नहीं करता। लेकिन उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब उसका सामना स्कॉर्पियन समेत कई दुश्मनों से होता है। इसी बीच पीटर पार्कर उस समय हैरान रह जाता है, जब ब्रूस बैनर यानी हल्क की वापसी होती है। ट्रेलर में हल्क को स्पाइडर-मैन पर हमला करते और उसे जोरदार तरीके से पटकते हुए भी दिखाया गया है।

फिल्म की आधिकारिक कहानी के मुताबिक, पीटर पार्कर के लिए यह एक नई शुरुआत है। ऐसी दुनिया में स्पाइडर-मैन बनकर अपराध से लड़ते हुए, जहां कोई उसे याद नहीं करता और अपने पुराने दोस्तों को आगे बढ़ते हुए देखकर पीटर के अंदर बदलाव आता है। यह बदलाव उसके नियंत्रण से बाहर भी हो सकता है, लेकिन यही बदलाव शहर और उसके करीबियों को एक ऐसे खतरनाक नए दुश्मन से बचाने का एकमात्र रास्ता भी हो सकता है, जिसे कोई देख तक नहीं सकता।

फिल्म का निर्देशन डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने किया है। इसमें टॉम हॉलैंड के साथ जेंडाया, सैडी सिंक, जैकब बैटलन, जॉन बर्नथल, ट्रामेल टिलमैन, माइकल मैंडो और मार्क रफालो अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, सैडी सिंक के किरदार को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म की कहानी क्रिस मैकेना और एरिक सोमर्स ने लिखी है, जबकि इसका निर्माण एमी पास्कल और केविन फीगे ने किया है। 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।