Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

मेरी क्रिकेट किट खरीदने के लिये मां ने गहने बेच दिये थे : क्रांति गौड़

मैनचेस्टर, 23 जून (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नियमित सदस्य बनने के बावजूद तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ अपनी जड़ें और माता पिता के बलिदान नहीं भूली है और वह टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके उनके भरोसे पर खरी उतरना चाहती है ।

मध्यप्रदेश के एक छोटे से गांव की रहने वाली गौड़ ने बताया कि एक क्रिकेट किट खरीदने के लिये उनकी मां ने अपने गहने बेच दिये थे ।

गौड़ ने जियोस्टार से कहा ,‘‘अगर आपका परिवार आपके साथ है तो दूसरे क्या कहते हैं, यह मायने नहीं रखता । ये बाहरी लोग आपकी मदद नहीं करते । मैं अपने परिवार की शुक्रगुजार हूं जो हर कदम पर मेरे साथ रहा क्योंकि समस्यायें बहुत थी । हमेशा पैसे की तंगी रहती थी ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे एक क्रिकेट किट दिलाने के लिये मेरी मां ने गहने बेच दिये थे । वह बहुत बड़ा बलिदान था । मेरा परिवार मेरे लिये काफी कुछ कर रहा था जिसने मुझे जिम्मेदारी का अहसास कराया । मैं उन्हें कुछ वापिस देना चाहती हूं । मैं चाहती हूं कि उनके हर बलिदान का फल मिले ।’’

गौड़ ने कहा ,‘‘ जिस समय कई लड़कियों को घर से बाहर निकलने की भी अनुमति नहीं थी, मेरे परिवार ने मुझे कभी महसूस नहीं होने दिया कि मैं कुछ गलत कर रही हूं । उन्होंने मेरे सपनों पर भरोसा किया ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इससे मुझे लगातार अच्छा खेलने और लक्ष्य हासिल करने की ताकत मिली । जब परिवार आपके साथ होता है तो बाहरी दुनिया को अनदेखा करना आसान हो जाता है ।’’

गौड़ की कामयाबी के बाद अब उनके गांव में क्रिकेट अकादमी खुल गई है और लड़कियां खेलों में कैरियर बना रही हैं ।

भाषा मोना

मोना