Breaking News

पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |  

मुंबई में लगातार तीसरे दिन बारिश हुई

मुंबई, 23 जून (भाषा) मुंबई में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे सुबह के समय शहर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जबकि उपनगरों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि तड़के से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और सुबह सात बजे के बाद धीरे-धीरे बारिश शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि सुबह सात से आठ बजे के बीच दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जबकि इसी दौरान पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, इसके मुख्यालय में 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन और मांडवी दमकल केंद्र में 29-29 मिलीमीटर, फ्रॉसबरी जलाशय में 28 मिलीमीटर, सी वार्ड कार्यालय (गिरगांव) में 24 मिलीमीटर तथा बीएमसी संचालित एन. एम. जोशी मार्ग स्कूल और डी वार्ड कार्यालय (ग्रांट रोड) में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई।

आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में औसतन 13.30 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 0.38 मिलीमीटर और 0.62 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान शहर के सभी प्रमुख भूमिगत मार्ग खुले रहे और यातायात सामान्य रहा। उपनगरीय रेल सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित हुईं, जबकि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) बस सेवाएं बिना किसी रुकावट के चलती रहीं।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव