Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

बेअदबी संबंधी पुरानी घटनाओं की होगी गहन जांच: मुख्यमंत्री मान

होशियारपुर (पंजाब), 17 जून (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को लोगों को आश्वासन दिया कि बेअदबी की पुरानी घटनाओं की गहन जांच की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में बनाया गया बेअदबी विरोधी कानून भविष्य में ऐसी किसी भी घटना के खिलाफ एक कड़े अवरोधक के रूप में कार्य करेगा।

मान ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “बरगाड़ी में 'बेअदबी' की घटनाओं और बहबल कलां तथा कोटकपूरा में हुई गोलीबारी की घटनाओं ने हर पंजाबी, विशेषकर 'सिख संगत' की अंतरात्मा को ठेस पहुंचाई है।”

उन्होंने कहा, “ये जख्म आज भी लोगों के दिमाग में ताजा हैं। मैं हर पंजाबी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि न्याय होकर रहेगा और इन जघन्य अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।”

मुख्यमंत्री टांडा निर्वाचन क्षेत्र के भट्टलां गांव में ‘लोक मिलनी’ (जनसंवाद) कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को नये बेअदबी विरोधी कानून के तहत सजा देने की मांग की।

बादल ने सिखों की सर्वोच्च धार्मिक पीठ, अकाल तख्त के अधिकार को चुनौती देने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला।

उनकी यह टिप्पणी अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज द्वारा सोमवार को एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर मान को 'गुरु द्रोही' और 'खालसा पंथ विरोधी' घोषित किए जाने के बाद आई है।

भाषा

प्रचेता प्रशांत

प्रशांत