Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

कश्मीर में भारी बारिश से झेलम का जलस्तर बढ़ा, बगलिहार डैम के कई गेट खोले गए, प्रशासन अलर्ट

कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण झेलम नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, भारी बारिश के बाद बढ़ते जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बगलिहार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट डैम के कई गेट खोल दिए गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 23 जुलाई से लगातार हो रही बारिश के कारण झेलम नदी का जलस्तर करीब एक फीट बढ़ गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण प्रसिद्ध चिनाब रेलवे ब्रिज घने कोहरे में ढक गया। घाटी के कई इलाकों में कम विजिबिलिटी की स्थिति बनी हुई है। रामबन जिले में भारी बारिश के कारण डोडा, किश्तवाड़ और रामबन से आने वाले पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ गया। इसके बाद बगलिहार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट डैम के कई गेट खोल दिए गए। जिला प्रशासन ने बताया कि जलाशय में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए डैम के गेट खोले गए हैं। पानी छोड़े जाने के बाद नीचे की ओर चिनाब नदी का बहाव काफी बढ़ गया है।

प्रशासन ने चिनाब नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे उफनती नदी के पास न जाएं, जलधाराओं को पार करने की कोशिश न करें और जिला प्रशासन व अन्य संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।