ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार ने टेक्नोलॉजी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए HCLTech और Sarvam AI के साथ दो समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत राज्य में पहला AI डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा।भगवान जगन्नाथ की बहुदा रथ यात्रा के मौके पर इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये MoU ओडिशा के टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, "आज भगवान जगन्नाथ की बहुदा रथ यात्रा है और यह दिन ओडिशा के टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है। हमारी सरकार ने HCLTech और देश की स्वदेशी AI कंपनी Sarvam AI के साथ दो MoU साइन किए हैं। पहले MoU के तहत HCLTech ओडिशा में एक ग्लोबल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करेगी।"
दूसरे समझौते के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि HCLTech और Sarvam AI मिलकर ओडिशा सॉवरेन AI पार्क में राज्य का पहला AI डेटा सेंटर स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य का डेटा सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और ओडिशा के विकास को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना में HCLTech करीब 730 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे राज्य के डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी और वैश्विक स्तर पर ओडिशा की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।
HCLTech ने भी Sarvam AI और ओडिशा सरकार के साथ साझेदारी में ओडिशा सॉवरेन AI पार्क में अपना पहला AI डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। इस पूरे प्रोजेक्ट में करीब 14,257 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश की योजना है। इसमें ग्लोबल डेवलपमेंट सेंटर भी शामिल होगा।HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा कि ओडिशा की बिजनेस-फ्रेंडली नीतियां और मजबूत प्रतिभा इसे AI डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए एक बेहतर जगह बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री ने नोएडा स्थित HCLTech कैंपस का दौरा किया था और उस दौरान उन्होंने IT, AI और डेटा सेंटर से जुड़ी राज्य की नीतियों के बारे में जानकारी दी थी। जब Sarvam AI के साथ साझेदारी के लिए सही राज्य की तलाश की गई तो ओडिशा एक बेहतर विकल्प के रूप में सामने आया।
रोशनी नादर ने कहा कि ओडिशा में मजबूत टैलेंट पूल, बेहतर तकनीकी क्षमताएं और बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग कॉलेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि HCLTech ओडिशा के लिए लंबे समय तक प्रतिबद्ध है। कंपनी इंजीनियरिंग संस्थानों के साथ साझेदारी करेगी और Sarvam AI के साथ मिलकर AI क्षेत्र के लिए प्रतिभाओं को तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि AI के लिए तैयार प्रतिभाएं रातोंरात तैयार नहीं होतीं, इसलिए इंजीनियरिंग छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुसार नई स्किल्स सिखाने और उन्हें अपस्किल करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।