Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

तेलंगाना: रैगिंग के आरोप में सरकारी दंत महाविद्यालय के 12 छात्र निलंबित

हैदराबाद, 17 जून (भाषा) हैदराबाद में सरकारी दंत महाविद्यालय (जीडीसी) के अंतिम वर्ष के 12 छात्रों को रैंगिग संबंधी मामले में पुलिस जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है।

इन छात्रों पर महाविद्यालय के छात्रावास में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) के प्रथम वर्ष के छात्रों की रैगिंग करने का आरोप है।

जीडीसी के प्राचार्य सरजीव सिंह यादव ने पत्रकारों को बताया कि प्रथम वर्ष के छात्रों ने नौ जून को मौखिक रूप से रैगिंग निषेध समिति को सूचित किया और 11 जून को शिकायत दी कि उन्हें “शराब, सिगरेट, भोजन लाने” और अन्य निजी कार्य करने के निर्देश दिए गए थे।

उन्होंने बताया कि प्रथम वर्ष के छात्रों से कथित तौर पर “चेयर सिट-अप्स” और दंड लगवाए गए तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

प्राचार्य के अनुसार, जब कुछ प्रशिक्षुओं ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो उन्हें धमकी दी गई और अंतिम वर्ष के छात्रों द्वारा हमला किए जाने पर एक प्रशिक्षु की आंख में चोट लग गई।

महाविद्यालय प्राधिकरण ने शुरुआत में छात्रों को समझाया कि यदि रैगिंग जारी रही तो उनके पास पुलिस में शिकायत करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। इसके बाद अंतिम वर्ष के छात्रों के अभिभावकों को भी बुलाकर मामले की जानकारी दी गई।

सरजीव सिंह यादव ने बताया कि इसके बाद 12 छात्रों को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया और सुल्तान बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

उन्होंने कहा कि मामले की पुलिस जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यादव ने यह भी बताया कि आरोपी छात्रों ने 31 दिसंबर को नववर्ष के जश्न के दौरान सीसीटीवी कैमरे तोड़े थे।

भाषा प्रचेता माधव

माधव