Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

राष्ट्रपति मुर्मू बृहस्पतिवार से मध्य प्रदेश, ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार से मध्य प्रदेश और ओडिशा के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी है।

राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के बैतूल में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 'आध्यात्मिक जागरण से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

मुर्मू 19 जून को मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में 'अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस' समारोह में हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इसी दिन राष्ट्रपति ओडिशा के रायरंगपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर द्वारा आयोजित एक चिकित्सा शिविर, कुसुमी ब्लॉक के तहत खनन प्रभावित गांवों के लिए भव्य एकीकृत ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना, ब्रह्मकुमारीज़ के 'मातृशक्ति भवन', विशेष सर्किट हाउस और रायरंगपुर पुलिस जिले का उद्घाटन करेंगी।

अपने जन्मदिन के अवसर पर 20 जून को, राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव में एक स्कूल और एक कौशल केंद्र सहित विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे और वहां लाभार्थियों व बच्चों से बातचीत करेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के सुदूर मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा में एक संताल आदिवासी परिवार में हुआ था।

पहाड़पुर गांव राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल का मूल स्थान है।

बाद में उसी दिन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों रायरंगपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

राष्ट्रपति 21 जून को मध्य प्रदेश के जबलपुर में 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' समारोह में भाग लेंगी। उसी दिन, वह जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी।

बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति मुर्मू 22 जून को मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में सहरिया जनजाति के सदस्यों, चीतों की निगरानी करने वाले दल, पर्यटक गाइड और कूनो के क्षेत्रीय दल के साथ बातचीत करेंगी।

भाषा सुमित माधव

माधव