Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

भोजपुर में पुलिस मुठभेड़ में घायल व्यक्ति की पटना ले जाते समय मौत

आरा (बिहार), 17 जून (भाषा) बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए एक व्यक्ति की पटना स्थित अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान भारत भूषण तिवारी के रूप में हुई है, जो जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव का निवासी था।

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज ने कहा, “बिलौती गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान तिवारी द्वारा पुलिसकर्मियों पर गोली चलाए जाने के बाद आत्मरक्षा और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की।”

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल तिवारी को पहले आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि शव को वापस आरा सदर अस्पताल लाया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सूचना मिली थी कि पिस्तौल से लैस तिवारी गांव में हंगामा कर रहा है। इसके बाद उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।

स्थानीय लोगों ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया था। पुलिस ने बताया कि बुधवार को पर्याप्त तैयारी के साथ एक टीम गांव पहुंची, लेकिन तिवारी कथित तौर पर खुले मैदान में चला गया, पुलिस को चुनौती देने लगा और सोशल मीडिया पर घटनाक्रम का सीधा प्रसारण शुरू कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, उसने पुलिसकर्मियों पर गोली भी चलाई। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।

भाषा कैलाश संतोष

संतोष