Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान

आइजोल, 17 जून (भाषा) मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने मतदान से दूर रहने का फैसला किया है।

विधानसभा सचिवालय के अतिरिक्त सचिव लालथांगमाविया ने कहा कि विधायक सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक वोट डाल सकेंगे और मतों की गिनती शाम पांच बजे शुरू होगी।

लालथांगमाविया के मुताबिक, “मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं। मतों की गिनती विधानसभा भवन में होगी।”

मिजोरम में राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं।

सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने जहां पार्टी प्रवक्ता के लालतलुआंगकिमा को टिकट दिया है, वहीं मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने अधिवक्ता एवं लेखिका जोथानसांगी हमार को अपना उम्मीदवार बनाया है।

मिजोरम की 40-सदस्यीय विधानसभा में जेडपीएम के 27, एमएनएफ के 10, भाजपा के दो और कांग्रेस का एक सदस्य है।

सूत्रों ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियां मतदान में हिस्सा नहीं लेंगी।

कांग्रेस विधायक सी न्गुनलिआनचुंगा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह पार्टी आलाकमान के निर्देश के मुताबिक वोट नहीं डालेंगे।

भाजपा के मीडिया संयोजक जॉनी लालथानपुइया ने भी कहा कि पार्टी के दोनों विधायक राज्यसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे।

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश