Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

दिल्ली में आभूषण व्यापारी से लूटपाट की कोशिश के आरोप में चार अपराधी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के कापसहेड़ा में एक जौहरी को लूटने की कोशिश के आरोप में एक अंतर-राज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम भी था। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 14 जून को सुनील (40), जोगिंदर उर्फ़ मुकेश (37), गुलज़ार (39) और 22-वर्षीय अभिषेक उर्फ़ चिट्टा को गिरफ़्तार किया और उनके पास से 11 लाख रुपये नकद तथा हथियार बरामद किए।

अधिकारी ने बताया कि ये आरोपी कुख्यात शुभम पंडित गिरोह से जुड़े हैं। सुनील पर एक लाख रुपये का इनाम भी था।

उनके मुताबिक, यह घटना 19 अप्रैल की रात को हुई थी, जब हरियाणा के समालखा का रहने वाला एक व्यापारी अपनी दुकान बंद करके स्कूटर से घर लौट रहा था। उसके पास एक बैग में लगभग 3.5 किलो चांदी के गहने थे, जिनकी कीमत 7-8 लाख रुपये थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘जब वह (दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के) कापसहेड़ा में एक मंदिर के पास पहुंचा, तो दो लोगों ने उसका स्कूटर अचानक रोक लिया, जिससे वह गिर गया। उनमें से एक ने उसकी छाती पर देसी तमंचा तान दिया और गहनों का बैग छीनने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने बंदूक के बट से उस पर हमला किया।'

हाथापाई के दौरान, एक तमंचा सड़क पर गिर गया। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पथराव कर हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की।

हालांकि, आरोपियों ने भीड़ को डराने के लिए कथित रूप से एक गोली चलाई और मोटरसाइकिल पर भागने में कामयाब रहे। व्यापारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल की जांच के दौरान, पुलिस को देसी तमंचा और कारतूस का एक खाली खोखा मिला।

अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच के दौरान, उत्तर प्रदेश के निवासी और लंबे आपराधिक इतिहास वाले सुनील एवं उसके साथी जोगिंदर की पहचान की गई। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगभग दो महीने तक निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद, जोगिंदर को 14 जून को गौतमबुद्धनगर से गिरफ्तार कर लिया गया।'

उन्होंने बताया कि जोगिंदर की निशानदेही पर उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल तीन देसी तमंचे बरामद किए हैं।

अधिकारी ने बताया, 'आरोपियों में से तीन उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में दर्ज लूट के मामले में, जबकि सुनील और जोगिंदर फरीदाबाद में रंगदारी के एक मामले में वांछित थे, जिसमें कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।'

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश