Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

भाजपा के छह राज्यसभा सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष खरगे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) राज्यसभा के छह सदस्यों ने सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ संयुक्त रूप से विशेषाधिकार हनन का नोटिस देते हुए उनपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने तथा संसद और उसके सदस्यों की गरिमा को कमतर करने का आरोप लगाया है।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस नोटिस को जांच-पड़ताल करने और रिपोर्ट सौंपने के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है।

भाजपा सांसद बृजलाल, मिथिलेश कुमार, सुमित्रा वाल्मिकी, शिवेश कुमार, सिकंदर कुमार और नागेंद्र राय ने संयुक्त रूप से नेता प्रतिपक्ष खरगे के खिलाफ एक नोटिस सौंपा है।

यह नोटिस प्रधानमंत्री के बारे में कथित तौर पर लगातार और जानबूझकर बेहद अपमानजनक टिप्पणियां करने और इस तरह संसद और उसके सदस्यों की गरिमा को कमतर करने के कारण दिया गया है।

नोटिस राज्यसभा कामकाज नियमावली के नियम 188 के तहत दिया गया है।

राज्यसभा महासचिव पी सी मोदी ने उच्च सदन के सचिवालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा, ‘‘तथ्यों पर विचार करने के बाद, उच्च सदन के सभापति ने 16 जून 2026 को, राज्यसभा कामकाज नियमावली के नियम 203 के तहत इस मामले को जांच-पड़ताल और रिपोर्ट सौंपने के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है।’’

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सदन की विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष हैं।

समिति के अन्य सदस्य सुधांशु त्रिवेदी, दीपक प्रकाश, सुमेर सिंह सोलंकी, सुरेंद्र सिंह नागर, मनन कुमार मिश्रा (सभी भाजपा से) और निर्दलीय सांसद कार्तिकेय शर्मा हैं।

भाषा

सुभाष पवनेश

पवनेश