Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

गुजरात के चार नगर निगमों और एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

अहमदाबाद, 17 जून (भाषा) गुजरात के चार नगर निगमों और वडोदरा के एक स्कूल को भेजे गये ईमेल में बुधवार को उनके परिसरों को बम विस्फोट करके उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद चलाये गये तलाशी अभियान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये ईमेल कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ द्वारा भेजे गये थे, जिनमें अपने नेता हरदीप सिंह निज्जर की ‘शहादत’ का बदला लेने के लिए बम विस्फोट करने की बात कही गई।

इसने बताया कि सूरत और भावनगर के अलावा, वडोदरा और जामनगर के नगर निगमों को भी सुबह ऐसे ही धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए।

वडोदरा के पुलिस उपायुक्त (अपराध) हिमांशु वर्मा ने कहा, ‘‘वडोदरा नगर निगम और शहर के नव रचना स्कूल को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इन संस्थानों के परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’’

सूरत नगर निगम को भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ।

डीसीपी (जोन 2) राघव जैन ने कहा, ‘‘नगर निगम में तलाशी अभियान चलाया गया। पूरे परिसर को खाली कराकर लगभग दो घंटे तक तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’’

पुलिस ने कहा कि ये ईमेल कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ द्वारा भेजे गये थे।

भावनगर के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने कहा कि शहर के नगर निगम को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल की जानकारी मिलने के बाद एक तलाशी दल को तुरंत वहां भेजा गया, लेकिन अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने कहा कि इसी तरह, जामनगर नगर निगम को प्राप्त ईमेल भी फर्जी निकला।

उन्होंने कहा, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री या खतरनाक पदार्थ नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने इमारत को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया। तलाशी पूरी होने के बाद पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर से कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।’’

गुजरात में इस तरह के धमकी भरे ईमेल पहले भी मिल चुके हैं; ऐसा पहली बार नहीं है। राज्य विधानसभा और कई स्कूलों को इन फर्जी ईमेल भेजने वालों द्वारा बार-बार निशाना बनाया गया है। पुलिस ने हाल में इस मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी की हैं।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश