नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोने-हीरे के गहने और अन्य कीमती सामान ले जा रहे एक ‘कूरियर एजेंट’ को लूटने की साजिश नाकाम कर दी और पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में कूरियर कंपनी का एक कर्मचारी भी शामिल है, जिस पर कीमती सामान की आवाजाही से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है।
अधिकारी के अनुसार साज़िश का पता 13 जून को चला जब पुलिसकर्मियों ने करोल बाग के बीडनपुरा इलाके में एक नकाबपोश व्यक्ति को पीठ पर बैग लिए देखा और थोड़ी देर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया।
जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपी सुमित (21) के पास से दो देसी तमंचे बरामद किए गए।
इस संबंध में मामला दर्ज किया गया।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया, 'पूछताछ के दौरान सुमित ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी एक कूरियर कंपनी के ‘डिलीवरी एजेंट’ को लूटने की साजिश रच रहे थे, जो नियमित रूप से सोना और गहनों जैसी कीमती खेप पहुंचाता था।'
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने लगभग 10 दिन तक कूरियर एजेंट के रास्ते और आस-पास के इलाकों की टोह ली थी और वे लूट को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
इसके बाद हुई छापेमारी में चार और आरोपियों - संदीप डेलवान (43), कल्लू उर्फ ओम सैनी (22), रोहित (30) और अभिषेक उर्फबबलू (25) को गिरफ़्तार किया गया।
जांचकर्ताओं ने बताया कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे जौहरी डेलवान ने ही कथित तौर पर यह साज़िश रची थी।
कूरियर कंपनी के कर्मचारी अभिषेक ने समान और उसे पहुंचाए जाने के समय से जुड़ी गोपनीय जानकारी दी, जिससे गिरोह को लक्ष्य की पहचान करने में मदद मिली।
डीसीपी ने कहा कि आरोपियों ने पहले ही तय कर लिया था कि लूट के बाद माल कैसे बांटा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मामले की छानबीन जारी है।
भाषा नोमान
नोमान जोहेब
जोहेब
जोहेब
जोहेब