Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

विद्यार्थियों के हितों की कीमत पर राजनीति कर रहे राहुल गांधी: भाजपा

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी के विद्यार्थियों के साथ संवाद से पहले, भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस नेता पर आरोप लगाया कि वह 21 जून को नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा की तैयारी के अंतिम चरण में जुटे मेडिकल अभ्यर्थियों के हितों की कीमत पर राजनीति कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से संवाद के लिए कोटा को ही क्यों चुना, जबकि नीट की पुर्नपरीक्षा में केवल 72 घंटे शेष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी राजनीतिक फायदे के लिए अवसरवादी रवैया अपना रहे हैं।

त्रिवेदी ने कहा, ‘‘क्या कांग्रेस की आंतरिक राजनीति के कारण आप वहां छात्रों की भावनाओं से खेलना चाहते हैं?’’

पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस के अभियान और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए गांधी शाम को कोटा में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। कोटा के एक ‘ओपन थिएटर’ में होने वाले इस कार्यक्रम को, कांग्रेस देशभर में अपने छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला के पहले कार्यक्रम के तौर पर पेश कर रही है।

इस अभियान का उद्देश्य कथित प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं पर बढ़ते खर्च और भर्ती एवं शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सरकार की कथित विफलता के कारण युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करना है।

गांधी की आलोचना करते हुए त्रिवेदी ने पूछा, ‘‘ऐसे समय में जब छात्र नीट-यूजी परीक्षा की तैयारी के आखिरी चरण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, आप क्यों उनका ध्यान भटकाना और उन्हें मानसिक प्रताड़ना देना चाहते हैं?’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘इन 72 घंटों के दौरान विद्यार्थियों को बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी परीक्षा की तैयारी करने का अवसर दीजिए। इस संवेदनशील समय में राजनीति करने से बचिए और उन्हें मानसिक पीड़ा में डालकर उनकी मनःस्थिति तथा तैयारी को प्रभावित मत कीजिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति करने के कई मौके मिलेंगे। इक्कीस जून के बाद राजनीति हो सकती है।’’

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र