Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

जुलाई तक राजनीतिक दल बनेगा आंदोलन, 50 लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य: अन्नामलाई

चेन्नई, 17 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बुधवार को कहा कि हाल में शुरू किया गया उनका ‘वी द लीडर्स’ आंदोलन जुलाई तक एक राजनीतिक दल का रूप लेने की दिशा में ‘‘सही रास्ते’’ पर है और इसका लक्ष्य 50 लाख सदस्य बनाना है।

अन्नामलाई ने एक सोशल मीडिया मंच पर वीडियो संवाद के दौरान कहा कि फिलहाल 18 लाख लोग ‘‘बिना किसी अपेक्षा के’’ संगठन से जुड़ चुके हैं और सदस्यता अभियान केवल ऑनलाइन ही नहीं, बल्कि लोगों से सीधे मुलाकात कर भी चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सदस्य इस विश्वास के साथ शामिल हुए हैं कि यह आंदोलन एक बड़ा बदलाव लाएगा।

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘जब हम इस आंदोलन को एक राजनीतिक संगठन के रूप में आगे बढ़ाना शुरू करेंगे तो जुलाई से इसकी गतिविधियों का स्वरूप बदल जाएगा और लोग इस बदलाव को स्पष्ट रूप से देख सकेंगे।’’

उन्होंने दावा किया कि उनका आंदोलन ‘‘न तो कभी विफल होगा, न झूठ बोलेगा और न ही लोगों को गलत रास्ते पर ले जाएगा’’।

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘हमारे लिए सभी धर्म समान हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले महीनों के लिए हमारा उद्देश्य है कि यह सदस्यता अभियान लगातार जारी रहे और आगे बढ़ते हुए हमारा लक्ष्य अपने संगठन को एक जन आंदोलन में बदलना है ताकि राज्य के विभिन्न मुद्दों पर बात की जा सके।’’

अन्नामलाई ने राज्य में युवाओं के बीच मादक पदार्थों की समस्या समेत विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए कहा कि यह संगठन जमीनी स्तर पर एक बड़ा जन आंदोलन बनेगा।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी