Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

उत्तराखंड : कर्णप्रयाग में तलवारबाजी प्रकरण में पंजाब के चार सिख श्रद्धालु गिरफ्तार

गोपेश्वर, 17 जून (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में तलवारबाजी प्रकरण में शामिल होने के आरोप में चार निहंग सिख श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कर्णप्रयाग पुलिस थाना के ध्यक्ष विनोद थपलियाल ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मंगलवार सुबह कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय लोगों से एक मामूली विवाद के दौरान कथित रूप से तलवार से हमला कर उन्हें घायल करने के आरोप में चार सिख तीर्थयात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब के मोहाली जिले के रहने वाले हैं और इनकी उम्र 20-23 साल के बीच है। आरोपियों की पहचान मंत्री सिंह, सतविंदर सिंह,जसनप्रीत सिंह और अजय सिंह के रूप में हुई है ।

थपलियाल के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही चल रही है ।

पुलिस ने बताया कि श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेककर वापस आ रहे निहंग सिख श्रद्धालुओं का कर्णप्रयाग बाजार में कृष्णा पैलेस होटल के पास वाहन खड़ा करने को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था जिसके बाद उन्होंने कथित रूप से तलवार से हमला कर प्रकाश रावत तथा बीच-बचाव के लिए आगे आए तीन अन्य लोगों को घायल कर दिया था। इस दौरान एक सिख श्रद्धालु भी चोटिल हुआ था।

हमले में गंभीर रूप से घायल प्रकाश रावत (26) को प्राथमिक उपचार के बाद हवाई एंबुलेंस के जरिए देहरादून के लिए रेफर किया गया।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घायल गजपाल सिंह (50) की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना)/125 (किसी व्यक्ति को चोट पहुंचाना)/109(हत्या का प्रयास)/352 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सिख श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया ।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेतावनी दी कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पंवार ने कहा कि उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि तीर्थयात्रा सुरक्षित और निर्बाध तरीके से चल रही है और श्रद्धालुओं तथा आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सतत निगरानी की जा रही है ।

इस बीच, हेमकुंड गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट ने सदभाव तथा अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाने का आग्रह किया है।

श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से आपसी सदभाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है।

उन्होंने कहा, ’’सभी श्रद्धालु यात्रा के महत्व और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। यात्रा के दौरान वाद-विवाद से बचें और कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।’’

अपील में कहा गया है,‘‘सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से यात्रा पर आने वाले छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार का शस्त्र रखने से दूर रखें।’’

सिंह ने कहा कि किसी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

भाषा सं दीप्ति

मनीषा संतोष

संतोष