(तस्वीर सहित)
कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा में कानून-व्यवस्था और जनसेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई कदम उठाए जाने की घोषणा करते हुए बुधवार को कहा कि इसे ‘‘आदर्श विधानसभा क्षेत्र’’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
शुभेंदु ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में आयोजित ‘जनकल्याण शिविर’ को संबोधित करते हुए कहा कि इलाके में एक महिला थाना स्थापित किया जायेगा और अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।
पुलिस विभाग का भी प्रभार संभाल रहे शुभेंदु ने कहा, ‘‘हम फाल्टा को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करेंगे। फाल्टा थाने में महिलाओं के लिए अलग सहायता केंद्र भी स्थापित किया जायेगा। अब हम फाल्टा में अशांति का माहौल और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
भाजपा ने फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले इस निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई।
चुनाव प्रचार के दौरान फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार जैसी प्रभावशाली छवि बनाने वाले और मुकाबले के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल खान ने मतदान से दो दिन पहले नाटकीय ढंग से घोषणा की थी कि वह ‘‘फाल्टा के हित में’’ चुनाव मैदान से हट रहे हैं।
जबरन वसूली समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज होने के बाद खान को आठ जून को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था।
मुख्यमंत्री ने लोगों की ‘‘जबरदस्त प्रतिक्रिया’’ को देखते हुए राज्यभर में जारी ‘जनकल्याण शिविरों’ की अवधि एक दिन बढ़ाकर 18 जून करने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं इसलिए कार्यक्रम की अवधि एक दिन और बढ़ाई जा रही है। इन शिविरों के माध्यम से लोग केंद्र और राज्य सरकार की उन सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे जिनके लिए वे पात्र हैं।’’
भाषा
सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र