Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

बिहार सरकार ने टीटीडी को मंदिर निर्माण के लिए पटना में जमीन आवंटित की

तिरुपति, 17 जून (भाषा) बिहार सरकार ने पटना में गंगा नदी के तट पर श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के निर्माण के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 15 एकड़ ज़मीन आवंटित की है।

मंदिर प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि टीटीडी अध्यक्ष बी आर नायडू ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और जमीन आवंटन लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘बिहार सरकार ने गंगा नदी के तट और बिहार की राजधानी पटना के पास श्रीवारी मंदिर निर्माण के लिए 15 एकड़ ज़मीन आवंटित की है।’’

इसमें कहा गया कि प्रस्तावित मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर के साथ-साथ कल्याण मंडपम (विवाह हॉल), पुष्करिणी और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अन्य आधारभूत संरचना का निर्माण भी किया जाएगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

नायडू ने चौधरी को शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उन्हें श्रीवारी स्मृति चिह्न भेंट किया।

पूरे देश में श्री वेंकटेश्वर स्वामी की महिमा का प्रसार करने और हिंदू सनातन धर्म से जुड़ी अपनी गतिविधियों के तहत, टीटीडी ने राज्यों की राजधानियों में श्रीवारी मंदिरों के निर्माण का काम शुरू किया है।

इससे पहले, असम सरकार ने मंदिर बनाने के लिए टीटीडी को कामरूप जिले में 10.3 एकड़ ज़मीन आवंटित की थी।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल