Breaking News

पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |   हम न्यूक्लियर पावर की अगली पीढ़ी को बढ़ाने में कर रहे दुनिया का नेतृत्व: ट्रंप     |   आज से आगरा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ     |  

आप नेताओं के खिलाफ जांच में कुछ नहीं मिला, अब कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही ईडी: केजरीवाल

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां ​​अब उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पार्टी का समर्थन करने वाले कारोबारियों को निशाना बना रही हैं।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में आरोप लगाया कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ जांच में गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिलने के बाद, एजेंसियों ने अलग-अलग राज्यों में जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

उन्होंने भाजपा पर यह आरोप लगाया कि वह राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने और व्यापारियों व उद्योगपतियों पर दबाव बनाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का इस्तेमाल कर रही है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में व्यापारियों को भाजपा को चंदा नहीं देने पर केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई की धमकी दी जा रही है।

केजरीवाल ने एक पोस्ट में कहा, “ईडी पार्टी ने पंजाब में एक बार फिर उगाही शुरू कर दी है। व्यापारियों को बुलाकर कहा जा रहा है कि वे ईडी पार्टी को चंदा दें, नहीं तो उनके यहां ईडी की छापेमारी होगी।”

उन्होंने व्यापारिक समुदाय से भयभीत न होने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे दबाव का सामना करने वाले लोगों को पंजाब सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा।

केजरीवाल के आरोपों का समर्थन करते हुए पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने आप के कई नेताओं के खिलाफ हुई जांच और गिरफ्तारियों का भी उल्लेख किया।

सिंह ने गोवा में आप से जुड़े कुछ व्यक्तियों के खिलाफ हाल में की गई तलाशी कार्रवाई पर भी चिंता व्यक्त की।

इन आरोपों पर भाजपा की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत