अहमदाबाद, 31 मई (भाषा) दिग्गज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल में नाबाद 75 रन की पारी खेल कर गुजरात टाइटंस के खिलाफ टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने के बाद कहा कि इस बार टीम पर पहले जैसा दबाव नहीं था और गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया।
आरसीबी ने पिछले साल चैंपियन बनकर खिताबी सूखे को खत्म किया था। आरसीबी अब चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद खिताब का बचाव करने वाली तीसरी टीम बन गयी है।
कोहली ने 42 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के जड़ित पारी के बाद प्रसारकों से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा था कि इस बार वैसा दबाव महसूस नहीं हो रहा था जैसा पिछले साल था। हम अंक तालिका में शीर्ष पर रहे और हमारा मानना था कि यदि हम अपनी योजनाओं को सही ढंग से लागू करें तो हम सर्वश्रेष्ठ टीम हैं। पूरे अभियान के दौरान हमने जिस कौशल, संयम और परिपक्वता का प्रदर्शन किया, वह शानदार रहा।’’
कोहली की शानदार पारी से आरसीबी ने टाइटंस के खिलाफ जीत के लिए मिले लक्ष्य को 156 रन के लक्ष्य को 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया।
कोहली ने कहा कि टीम अभियान बीच में थोड़ा भटका लेकिन खिलाड़ियों ने जल्दी वापसी कर ली।
उन्होंने कहा, ‘‘ ब्रेक के बाद हमें एक हार का सामना करना पड़ा और मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक करीबी जीत मिली। वह दौर थोड़ा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उस जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास फिर लौट आया।’’
उन्होंने लगातार दूसरी बार दूसरी बार चैंपियन बनने के बारे में कहा, ‘‘ यह बेहद अद्भुत एहसास है। इस पल का हमें बहुत लंबे समय से इंतजार था।’’
कोहली ने इस सत्र में 16 मैचों में 56.25 की औसत और 165.84 की शानदार स्ट्राइरेट से 675 रन बनाये और टीम के चैंपियन बनने में अहम भूमिका निभाई
उन्होंने जीत का श्रेय पूरी टीम और खासकर गेंदबाजों को देते हुए कहा, ‘‘ हर बार आपको अकेले खड़े होकर टीम को नहीं संभालना पड़ता। हमारे गेंदबाजों ने विश्वस्तरीय प्रदर्शन किया। जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार और रसिख सलाम ने शानदार गेंदबाजी की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में संतुलन है, ताकत है और यही हमारी सबसे बड़ी विशेषता रही।’’
भाषा आनन्द नमिता
नमिता