लखनऊ मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘वन नेशन, वन कार्ड’ (NCMC - नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) व्यवस्था लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्री एक ही कार्ड का उपयोग मेट्रो सहित विभिन्न सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में कर सकेंगे। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में उपयोग किए जा रहे पुराने स्मार्ट कार्ड अगले छह महीने तक मान्य रहेंगे। इस अवधि के दौरान यात्री अपने पुराने कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे और बाद में उन्हें नए एनसीएमसी कार्ड में बदल सकेंगे।
लखनऊ मेट्रो ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुराने स्मार्ट कार्ड में बची हुई राशि यात्रियों को वापस की जाएगी। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान न हो। नई व्यवस्था लागू होने के साथ ही लखनऊ मेट्रो में नए पुराने प्रकार के स्मार्ट कार्ड बनाना बंद कर दिया गया है। अब मेट्रो यात्रियों को केवल एनसीएमसी आधारित कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से यात्रियों को टिकट और टोकन लेने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी। डिजिटल और एकीकृत भुगतान प्रणाली के माध्यम से यात्रा और अधिक आसान तथा सुविधाजनक बनेगी। लखनऊ मेट्रो के अनुसार 15 जून से नए NCMC कार्ड जारी किए जाने शुरू हो जाएंगे। ये कार्ड देशभर में लागू ‘वन नेशन, वन कार्ड’ योजना के तहत काम करेंगे और भविष्य में विभिन्न परिवहन सेवाओं के साथ-साथ अन्य डिजिटल भुगतान सुविधाओं में भी उपयोग किए जा सकेंगे।