Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

धौलपुर में नौतपा का असर, 45 डिग्री तापमान और लू से जनजीवन बेहाल

राजस्थान के धौलपुर जिले में नौतपा के छठे दिन भी भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू का प्रकोप जारी रहा। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सुबह से ही सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल अत्यंत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाहर निकलने वाले अधिकांश लोग चेहरे को कपड़े से ढककर और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाकर ही सफर करते नजर आए।

लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थिति को और गंभीर बना रही है अघोषित बिजली कटौती, जिसके कारण कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। बिजली कटौती और गर्मी से परेशान लोग राहत पाने के लिए पेड़ों की छांव, ठंडे पेय पदार्थों और अन्य पारंपरिक उपायों का सहारा ले रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही काफी कम देखी गई। आने वाले दिनों में भी गर्मी से तुरंत राहत मिलने की संभावना कम है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।