लखनऊ, 31 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में चंद्रपाल नाम के व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। रविवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
हिलवाड़ी गांव निवासी इलेक्ट्रिशियन चंद्रपाल की बीते मंगलवार को कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या से नाराज ग्रामीणों ने दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
बयान के मुताबिक, रविवार को सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और राज्य मंत्री केपी मलिक ने अधिकारियों के साथ गांव पहुंचकर चंद्रपाल के परिजनों से मुलाकात की तथा सहायता राशि का चेक सौंपा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र