Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

धनंजय देशमुख के खिलाफ शिकायत में कोई सच्चाई नहीं है: बीड पुलिस

बीड, 31 मई (भाषा) दिवंगत सरपंच संतोष देशमुख के भाई धनंजय देशमुख के खिलाफ रविवार को हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज दिये जाने के कुछ घंटे बाद महाराष्ट्र की बीड जिला पुलिस ने रविवार को कहा कि उनके खिलाफ शिकायत झूठी थी।

यह प्राथमिकी बीड तहसील के बेलवाड़ी निवासी समाधान खिंडकर (30) की शिकायत पर दर्ज की गई थी। शिकायत में खिंडकर ने आरोप लगाया था कि शनिवार रात एक होटल में हुए विवाद के बाद धनंजय देशमुख ने उसके सिर पर पिस्तौल तान दी थी।

पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उन्होंने देशमुख द्वारा दायर की गई शिकायत के आधार पर खिंडकर के खिलाफ कथित आपराधिक धमकी का मामला भी दर्ज किया।

पुलिस ने कहा कि हालांकि यह शिकायत भी निराधार पाई गई।

खिंडकर ने आरोप लगाया था कि जब वह अपने मोबाइल फोन के जरिये इंस्टाग्राम पर रविराज साबले नामक एक रील निर्माता को लाइव दिखा रहे थे, तो देशमुख के अंगरक्षक ने उनका फोन छीन लिया था।

प्राथमिकी में कहा गया था कि जब खिंडकर ने पूछा कि उनका फोन क्यों लिया गया, तो देशमुख ने अपने अंगरक्षक की पिस्तौल निकालकर शिकायतकर्ता के सिर पर कथित तौर पर तान दी और उससे मामले में हस्तक्षेप नहीं करने को कहा।

देशमुख ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए दावा किया था कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। उन्होंने दावा किया कि अंगरक्षक ने भी ऐसी किसी घटना के घटित होने से इनकार किया था।

देशमुख ने कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने का समय मांगा है और इस मामले पर उनसे मुलाकात करना चाहते हैं।

बाद में जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस ने कहा कि बीड ग्रामीण पुलिस थाने में दर्ज दो शिकायतों की जांच से पता चला है कि शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि किसी भी सबूत से नहीं हुई।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘जांच के दौरान, कथित घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को इकट्ठा कर उसकी गहन जांच की गई। फुटेज में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले।’’

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ताओं द्वारा बताई गई कथित घटना फुटेज में दिखाई नहीं दी।

इसमें कहा गया है, ‘‘सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और जांच के दौरान जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने पाया कि दोनों पक्षों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतें झूठी थीं।’’

पुलिस ने बताया कि जांच के निष्कर्षों पर एक विस्तृत रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी और कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

महाराष्ट्र सीआईडी ​​ने दिसंबर 2024 में हुई मसाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में एक विस्तृत आरोप-पत्र दाखिल किया था। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि यह हत्या एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली की कोशिशों को रोकने का प्रयास करने पर की गई।

भाषा

देवेंद्र वैभव

वैभव