कासरगोड (केरल), 31 मई (भाषा) केरल पुलिस ने कांग्रेस विधायक संदीप वारियर को फोन पर जान से मारने की कथितर धमकी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
विधायक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन पर गोली मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद, चंदेरा पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति राज्य के भीतर का ही हो सकता है।
शुरुआती निष्कर्षों से यह भी पता चलता है कि यह कॉल उत्तर प्रदेश के वाराणसी से की गई थी।
जांचकर्ताओं ने फोन नंबर और कॉल रिकॉर्ड का विवरण इकट्ठा कर लिया है और जांच के हिस्से के रूप में उनकी पड़ताल कर रहे हैं।
फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान सत्यापित करने और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए साइबर शाखा की मदद भी ली गई है।
पुलिस ने कहा कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपी व्यक्ति की पहचान करने और उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
गौरतलब है कि वारियर पहले भाजपा के नेता थे। उन्होंने साल 2024 में पार्टी छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
भाषा दिलीप वैभव
वैभव