नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) देश के कई राज्यों में रविवार को बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश से अधिकांश क्षेत्रों में तापमान कम रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि देश में लू का प्रकोप फिलहाल थम गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने इसके लिए राजस्थान और मध्य पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी बारिश और मौसम की गतिविधियों को जिम्मेदार ठहराया है।
आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज गरज-चमक और आंधी-तूफान की गतिविधियों का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी ने यह भी कहा कि अगले तीन-चार दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल और तमिलनाडु के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा, जिससे सैकड़ों श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर फंस गए। दिन में बाद में बारिश थमने और मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद केदारनाथ यात्रा पर लगाई गई अस्थायी पाबंदियां हटा ली गईं।
अधिकारियों ने बताया कि चंपावत जिले के श्री रीठा साहिब गुरुद्वारे में एक बड़ी त्रासदी होने से टल गई, जब वार्षिक जोड़ मेले के दौरान उफनती नदी में फंसे 50 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
शनिवार और रविवार के दौरान उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा।
देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 9 डिग्री और 5 डिग्री कम रहा।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में लगातार दूसरे दिन धूलभरी आंधी चली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
जैसलमेर जिले में धूल का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जो बाद में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ गया। इससे दृश्यता कम हो गई और तेज हवाओं का प्रभाव बढ़ गया। हालांकि, इस दौरान किसी प्रकार के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली।
राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस फलोदी में, जबकि न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम, 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने सोमवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके तहत आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हालांकि, वर्तमान बारिश की गतिविधि के कमजोर पड़ने और क्षेत्र से आगे निकल जाने के कारण सोमवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार और रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें नैना देवी में सबसे अधिक 46.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में बिजली गिरने के साथ-साथ गरज के साथ बारिश की सूचना मिली।
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद रविवार को दोनों राज्यों तथा उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 2.4 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य औसत से 3.9 डिग्री कम है।
लखनऊ में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बलिया (34.4 मिमी) और मुरादाबाद (21.8 मिमी) सहित अन्य स्थानों पर भी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर मौसम सामान्य है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने जम्मू कश्मीर में अगले 72 घंटों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। चार जून को केंद्र शासित प्रदेश में काफी बारिश होने का अनुमान है।
भाषा आशीष वैभव
वैभव