Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

जल संकट: मुख्यमंत्री ने इंदौर में हालात की समीक्षा की, राहत उपाय तेज करने के निर्देश

इंदौर, 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में पिछले कई दिनों से जारी जल संकट के मद्देनजर रविवार को राहत उपाय तेज करने, जल वितरण व्यवस्था में सुधार लाने और प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यह जानकारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई।

विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक में शहर में उत्पन्न जल संकट की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

यादव ने कहा कि जल संकट से प्रभावित नागरिकों को फौरन राहत प्रदान की जाए और जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 24 घंटे संचालित जल नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रतिदिन सुबह और शाम जलापूर्ति की समीक्षा की जाए।

उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त वॉर्डों में विशेष जलापूर्ति योजना लागू करके प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने घरों में नलों के जरिये होने वाले जलापूर्ति के समय में असमानता और विसंगतियों को दूर करने और सभी क्षेत्रों में संतुलित जल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासकीय महाविद्यालयों, छात्रावासों और अन्य आवासीय संस्थानों में जल उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने जल चोरी और मोटरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी खींचने वाले लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

यादव ने निजी और नगर निगम के टैंकरों की ‘मिनट-दर-मिनट’ निगरानी करने तथा पाइपलाइन लीकेज और वितरण हानि को तत्काल सुधारकर पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल से अपर मुख्य सचिव (एसीएस) स्तर के अधिकारी पहले भी इंदौर का दौरा कर चुके हैं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पुनः भेजा जाएगा। उन्होंने जन प्रतिनिधियों और नागरिक समितियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने तथा जल संकट से संबंधित जानकारी और रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में इंदौर के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर में जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी दी।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र