Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

‘मन की बात’ में कुजूर और मल्हार पुरातात्विक स्थल का उल्लेख छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात: साय

रायपुर, 31 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान युवा धावक अनिमेष कुजूर और मल्हार पुरातात्विक स्थल के महत्व का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और लोगों के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद साय ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ का उल्लेख किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व, प्रेरणा और आत्मविश्वास का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'जब देश का शीर्ष नेतृत्व किसी राज्य की उपलब्धियों और उसकी विशेषताओं को रेखांकित करता है, तो यह केवल कुछ व्यक्तियों का सम्मान नहीं होता, बल्कि राज्य के करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं, मेहनत और पहचान का भी सम्मान होता है।'

कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जशपुर जिले के छोटे से गांव घुइटांगर के युवा धावक अनिमेष कुजूर का उल्लेख करना रहा, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

साय ने कहा कि अनिमेष की उपलब्धियों का उल्लेख युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है कि यदि समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत हो, तो सीमित संसाधन भी प्रतिभाशाली व्यक्ति की उड़ान को नहीं रोक सकते।

साय ने बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक स्थल मल्हार में 'ज्ञान भारतम्' अभियान के तहत मिले दुर्लभ ताम्रपत्र अभिलेखों का प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए उल्लेख को भी रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि ये ताम्रपत्र लगभग 1,400 से 1,500 वर्ष पुराने माने जाते हैं और इनका संबंध पांडुवंशी काल, विशेष रूप से महर्षि बालार्जुन के शासनकाल से है।

भाषा

जोहेब दिलीप

दिलीप