Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

‘विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ में भाग लेने के लिए 15 स्वयंसेवकों का चयन: मुख्यमंत्री शर्मा

जयपुर, 31 मई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ में भाग लेने के लिए 15 ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों का चयन किया गया है।

इन युवाओं को हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती गांवों में राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।

शर्मा ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवा के माध्यम से प्रतिभागियों में देशभक्ति, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को सुदृढ़ करेगी।

यह कार्यक्रम युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और गृह मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

देशभर से कुल 100 युवाओं का चयन किया गया है, जिनमें राजस्थान के 15 युवा भी शामिल हैं।

इनका चयन ‘माई भारत पोर्टल’ पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी ‘क्विज’ के माध्यम से हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा, “ये युवा स्वयंसेवक सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों, जीवनशैली, संस्कृति और विकास की आवश्यकताओं को नज़दीक से समझने का अवसर पाएंगे और इस दौरान वे भारत-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवानों के साथ काम करेंगे।”

उन्होंने बताया कि स्वयंसेवक तीन से पांच जून तक रेकोंग पियो आधार शिविर में तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम से गुजरेंगे ताकि कठिन भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों के लिए तैयार हो सकें।

शर्मा ने बताया कि इसके बाद छह से 12 जून तक वे 20 चयनित सीमावर्ती गांवों में रहेंगे और स्थानीय समुदायों से संवाद कर सामाजिक, सांस्कृतिक व विकासात्मक पहलुओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।

शर्मा ने विश्वास जताया कि ये स्वयंसेवक न केवल कार्यक्रम के दौरान सक्रिय योगदान देंगे बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों का प्रभावी प्रतिनिधित्व भी करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ‘विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज क्विज’ में देशभर से 2.59 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिनमें राजस्थान के 16,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल थे।

इनमें से शीर्ष 15 प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राजस्थान की युवा पीढ़ी इस लक्ष्य की दिशा में निरंतर सक्रिय योगदान दे रही है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र