विजयपुरा (कर्नाटक), 31 मई (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा जिले में भूमि विवाद को लेकर छह लोगों की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने 12 आरोपियों को नामजद किया है।
चाडचण पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कई अन्य लोगों पर हमले का भी आरोप लगाया है।
यह शिकायत 33 वर्षीय किसान एवं नगर पंचायत सदस्य चैतन्य कुमार निराले ने दर्ज कराई है, जिन्होंने कहा कि उनके परिवार द्वारा एक स्थानीय किसान से खरीदी गई कृषि भूमि को लेकर हुआ विवाद इस घटना का कारण था।
प्राथमिकी के अनुसार, निराले परिवार ने गोविंदपुर में ख्यामा निंगा उर्फ गनिगर से जमीन खरीदी थी, क्योंकि दूसरे परिवार के सदस्यों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें इस लेन-देन पर कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि, खरीद के बाद विवाद कथित तौर पर तब सामने आया जब उस जमीन पर खेती करने का विरोध किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर जब परिवार के सदस्य और मजदूर मशीन की मदद से जमीन साफ करने का काम कर रहे थे, तभी कुछ हथियारबंद लोग मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और काम का विरोध करने लगे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि हमलावर तलवारों, चाकुओं और अन्य हथियारों से कथित तौर पर लैस थे।
इसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपशब्द कहे, धमकियां दीं और परिवार पर हमला किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हमले से पहले कुछ पीड़ितों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका गया था।
शिकायत के अनुसार दुंदप्पा निराले, शिवपुत्र निराले, चंद्रकांत उर्फ चंदू निराले और रेवनसिद्धा उर्फ राहुल निराले पर घातक हथियारों से हमला किया गया जिससे उनकी मौत हो गई। निराले परिवार से जुड़े दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
इस घटना में समर्थ निराले, शब्बीर अत्तार, संदीप माने और अरविंद समेत कई अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, दंगा, आपराधिक धमकी और अन्य अपराध शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश