नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने रविवार को कहा कि इस वर्ष जनवरी से मई के बीच दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 211 रहा, जो 2020 को छोड़कर पिछले आठ वर्षों में सबसे बेहतर है। 2020 में कोविड महामारी संबंधी प्रतिबंधों के कारण एक्यूआई स्तर काफी बेहतर रहा।
आयोग ने कहा कि इस अवधि के दौरान औसत एक्यूआई 2025 में 214, 2024 में 231, 2023 में 213, 2022 में 238, 2021 में 235, 2020 में 181, 2019 में 237 और 2018 में 243 रहा।
सीएक्यूम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में जनवरी-मई 2026 के दौरान ‘अच्छा से मध्यम’ एक्यूआई वाले 75 दिन दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि के दौरान 2025 में 70, 2024 में 75, 2023 में 74, 2022 में 37, 2021 में 59, 2020 में 98, 2019 में 59 और 2018 में 44 दिन दर्ज किए गए थे।’’
आयोग ने यह भी बताया कि इस वर्ष मई में दिल्ली का औसत एक्यूआई 157 रहा, जो 2020 और 2021 को छोड़कर पिछले आठ वर्षों में सबसे बेहतर है।
सीएक्यूएम के अनुसार, मई में औसत एक्यूआई 2025 में 170, 2024 में 223, 2023 में 171, 2022 में 212, 2021 और 2020 में 144, 2019 में 221 और 2018 में 217 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा
शफीक नरेश
नरेश