Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

नीरव मोदी, माल्या मामलों की जांच करने वाले पूर्व ईडी अधिकारी ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पूर्व विशेष निदेशक सत्यब्रत कुमार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले ली है। वह नीरव मोदी, विजय माल्या और महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप सहित कुछ सबसे हाई-प्रोफाइल धन शोधन मामलों में प्रमुख जांचकर्ता थे।

सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर कैडर के 2004 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी को ठीक एक साल पहले ईडी से वापस आने के बाद पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में आयुक्त (अपील) के रूप में तैनात किया गया था।

उन्होंने ईडी में करीब 12 वर्षों तक सेवा दी, जिससे वह एजेंसी में प्रतिनियुक्ति पर सबसे लंबे समय तक कार्य करने वाले अधिकारियों में शामिल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, 48 वर्षीय कुमार को अप्रैल में केंद्र सरकार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने की मंजूरी दे दी थी और इस संबंध में औपचारिक आदेश इसी महीने की शुरुआत में जारी किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, सत्यब्रत कुमार की सेवानिवृत्ति वर्ष 2037 में निर्धारित थी। उनके पास 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु प्राप्त करने तक सरकारी सेवा में लगभग 11 वर्ष शेष थे।

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कुमार ने व्यक्तिगत कारणों से सरकारी सेवा छोड़ने का फैसला किया।

कुमार ने ईडी के मुंबई स्थित पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा की गई कई चर्चित जांच का नेतृत्व किया। इनमें हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के खिलाफ कथित दो अरब अमेरिकी डॉलर के बैंक धोखाधड़ी मामले, शराब कारोबारी विजय माल्या से जुड़े बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले तथा महाराष्ट्र के कई नेताओं से जुड़े अनेक 'संवेदनशील' मामले शामिल थे।

पीएनबी धोखाधड़ी मामले में करोड़ों रुपये की विदेशी संपत्तियों को जब्त कराने में उनकी अहम भूमिका थी, जिन्हें अपराध से अर्जित आय माना गया था।

कुमार के नेतृत्व में ईडी के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय ने महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले की भी जांच की, जिसमें छत्तीसगढ़ के कई नेताओं और कारोबारियों से संबंध सामने आए थे।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप