गंगटोक, 31 मई (भाषा) सिक्किम सरकार ने रविवार को पूरे राज्य में निजी वाहनों की आवाजाही पर लागू सम-विषम प्रतिबंध वापस ले लिया। हालांकि, गंगटोक शहर में यह व्यवस्था फिलहाल जारी रहेगी। एक आधिकारिक सूचना में यह जानकारी दी गई।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने समीक्षा बैठक में बताया कि राज्य की मौजूदा जरूरतों को पूरा करने के लिए पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
मुख्य सचिव आर. तेलांग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इसके बाद सरकार ने 14 मई की अधिसूचना के तहत राज्य के सभी जिलों में निजी वाहनों पर लगाए गए सम-विषम प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया।
हालांकि, 24 अक्टूबर 2024 की अधिसूचना के तहत गंगटोक शहर में निजी वाहनों के लिए लागू सम-विषम यातायात व्यवस्था जारी रहेगी।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकारी वाहनों के उपयोग पर लागू प्रतिबंध फिलहाल प्रभावी रहेंगे।
राज्य सरकार ने इससे पहले ईंधन आपूर्ति को लेकर चिंताओं के बीच पेट्रोल-डीजल की बचत के उद्देश्य से मितव्ययिता उपायों के तहत सम-विषम नियम को राज्य के सभी जिलों तक विस्तारित किया था।
इस निर्णय को सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी) ने एक जनहित याचिका के जरिये सिक्किम उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।
याचिकाकर्ता का तर्क था कि पूरे राज्य में सम-विषम प्रतिबंध लागू करने से नागरिकों की आवाजाही की स्वतंत्रता प्रभावित होती है और आम लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश