Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

खट्टर ने बिजली की हानि कम करने पर जोर दिया, त्रिपुरा में दो लाख सौर पैनल लगाने का लक्ष्य

अगरतला, 31 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने त्रिपुरा में बिजली और शहरी मामलों से जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए रविवार को एक बैठक की अध्यक्षता की और संबंधित अधिकारियों को राज्य संचालित संयंत्रों में बिजली वितरण में 26 प्रतिशत की हानि के बारे में सतर्क किया।

खट्टर ने कहा कि त्रिपुरा में भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए 2027 तक छतों पर दो लाख सौर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य संचालित बिजली वितरण कंपनी को बिजली चोरी और अवैध कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए तथा बिजली आपूर्ति एवं कनेक्शन (एटी एंड सी) संबंधी हानि को कम करने के लिए स्मार्ट मीटर लगाने चाहिए।

खट्टर ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा जी के साथ अगरतला में बिजली और आवास एवं शहरी मामलों के विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन और राज्य के बिजली क्षेत्र से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।”

उन्होंने बताया कि बैठक में पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के कार्यान्वयन, स्मार्ट मीटर और पारेषण नियोजन पर ध्यान केंद्रित किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राज्य भर में विश्वसनीय और टिकाऊ ऊर्जा पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बिजली वितरण कंपनियों की दक्षता में सुधार करने, एटी एंड सी हानि कम करने और छतों पर सौर पैनल लगाने के काम में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।”

भाषा पारुल नरेश

नरेश