शहडोल, 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में कथित तौर पर कीटनाशक पीने से 32 वर्षीय एक महिला और उसकी तीन बेटियों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना शहडोल जिला मुख्यालय से करीब 125 किलोमीटर दूर बौहरी इलाके के पपौंड थाना क्षेत्र के हिरवार गांव में हुई।
पापौंध थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अनीता सिंह (32) ने शनिवार रात को अपनी तीन बेटियों को कथित तौर पर कीटनाशक पिलाया और फिर खुद भी पी लिया।
उन्होंने बताया कि अनीता की दो बेटियों की पहचान रितिका (चार) और कृष्णाकुमारी (दो) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि सबसे बड़ी बेटी अर्पिता (सात) की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि बड़ी बेटी घर से बाहर आने में कामयाब रही और पड़ोसियों को सतर्क कर दिया, जिन्होंने चारों को ब्योहारी अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया, ‘‘चिकित्सकों ने महिला और उसकी दो छोटी बेटियों को मृत घोषित कर दिया जबकि अर्पिता की आज (रविवार को) मौत हो गई।”
मिश्रा ने बताया कि सबसे बड़ी लड़की ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां ने बच्चों को कीटनाशक दिया था।
उन्होंने बताया कि बच्ची ने पड़ोसियों को यह भी बताया कि उसकी मां ने कीटनाशक देने के बाद घर में दस्तावेजों, कपड़े, तस्वीरों और संग्रहीत अनाज में आग लगा दी।
मिश्रा ने बताया, “लड़की यह बताने में असमर्थ थी कि उसकी मां ने यह कदम क्यों उठाया।”
थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से एल्युमीनियम फॉस्फाइड का एक पैकेट बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, अनीता सिंह अपने बच्चों के साथ अपने ससुराल वालों से अलग रहती थी।
घटना के समय पेशे से चालक उसके पति हैदराबाद गए थे।
पुलिस ने बताया कि महिला के रिश्तेदारों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं और मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र