नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम को एक इमारत गिरने के दौरान वहां एक कैंटीन में छह दोस्तों का छोटा सा जश्न मातम में बदल गया।
इस हादसे में अब तक कम से कम छह लोगों की मौत की खबर है और कई लोग मलबे में दब गए।
जान गंवाने वालों में 28 साल का कपिल भी था, जो भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (बार्क) में नौकरी पाने के लिए तैयारी कर रहा था।
कपिल के दोस्तों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह बार्क जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अच्छा साक्षात्कार होने के बाद इमारत के पास वाली कैंटीन में पांच दोस्तों के साथ छोटी सी पार्टी कर रहा था। इस साक्षात्कार का परिणाम जुलाई में आने की उम्मीद है।
सैद-उल-अजैब क्षेत्र के वेस्टएंड मार्ग स्थित इमारत शाम करीब 7.30 बजे गिर गई, जिससे टिन-शेड वाली कैंटीन पर टनों मलबा गिर गया। इस कैंटीन में ‘गेट’, ‘नीट’ और ‘एफएमजीई’ जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अक्सर आते थे। कपिल बिहार के मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) का पूर्व छात्र था और बाद में दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ गया।
एक दोस्त ने कहा, ‘‘कपिल ने अपने दोस्तों को फोन कर बताया था कि उसका साक्षात्कार बहुत अच्छा हुआ था। जब इमारत गिरी तो वे कैंटीन में एक साथ बैठे थे।’’
कपिल का दोस्त नलिन राय भी एमआईटी का पूर्व छात्र था। उसने हाल में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और गेट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
गुरुग्राम में रहने वाले नलिन के एक रिश्तेदार बैकुंठ नाथ ने बताया, ‘‘उसने हमें बताया था कि छुट्टियों में घर जाएगा।’’
नलिन को इस हादसे में सिर पर गंभीर चोट आई थीं और बाद में उसकी भी मृत्यु हो गई।
रवि (24) नामक छात्र की भी सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मृत्यु हो गई।
हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान आलोक, पार्वती (35) और एकता (24) के रूप में हुई है।
भाषा वैभव सुरेश
सुरेश