शाजापुर (मध्यप्रदेश), 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए उनके लिए 'टपोरी लाल', 'ढपोरशंख' और 'दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि उनकी सरकार काम करना भी जानती है और 'नाकाम' से निपटना भी जानती है।
आम तौर पर अपने भाषणों में संयमित और मर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने वाले मुख्यमंत्री यादव ने शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पटवारी के खिलाफ आक्रामक अंदाज में हमला किया।
पटवारी ने पिछले दिनों सतना में कांग्रेस के युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसा था और उन्हें 'मोहन लाल अभिनंदन यादव' कहा था।
पटवारी ने यह भी कहा था कि उनकी (यादव) विदाई का समय आ गया है और उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
पटवारी पर पलटवार करते हुए यादव ने कहा, 'वो कहते हैं अभिनंदन लाल। हां, हम हैं अभिनंदन लाल। तुम टपोरी लाल। ढपोर शंख। जितने नाम याद करोगे, सब तुम पर जाने वाले हैं।'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज अपने कर्मों का फल भोग रही है और पूरे देश से उसका सूपड़ा साफ हो गया है।
उन्होंने कहा, 'जब देश में संकट आए तो नेता प्रतिपक्ष भाग जाये। जब प्रदेश में विकास की बयार चले तो इनका 'दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष' हाय रे, हाय रे करे।'
यादव, यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद उन्होंने कांग्रेस का 'इतना रद्दी अध्यक्ष' नहीं देखा।
पटवारी से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने यादव को धन्यवाद कहा और दावा किया कि वह कभी भी मुख्यमंत्री के बारे में ऐसे अमर्यादित और अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, 'अभिनंदन तो अच्छा शब्द है। गलत है क्या?'
पटवारी ने कहा, 'मुख्यमंत्री जी ने मुझे 'दो कौड़ी का' और 'रद्दी' कहा। धन्यवाद उनको। मुझे पता है कि किसान के बेटों को वह 'दो कौड़ी' का ही समझते हैं... रद्दी समझते हैं।'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि 2028 में मध्यप्रदेश में किसान के बेटों की, मध्यप्रदेश की जनता की और भ्रष्टाचार व कमिश्नर रहित सरकार बनेगी।
पटवारी ने कहा कि वह मध्यप्रदेश के किसानों का, ओबीसी आरक्षण का, वल्लभ भवन (राज्य सचिवालय) में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का, महंगाई और सिंगरौली में जंगल का मुद्दा उठाते रहेंगे क्योंकि यह जनता के सवाल हैं।
उन्होंने कहा, 'अगर मैं सवाल करूं और वह गाली दें तो मैं ऐसी गलियों को हार, फूल-माला और स्वागत-सत्कार समझता हूं।'
मुख्यमंत्री ने पिछले विधानसभा चुनाव में इंदौर की राऊ विधानसभा सीट से पटवारी की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि जो अपनी सीट नहीं बचा सके, वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
उन्होंने कहा कि जो प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लोकसभा चुनाव में इंदौर से पार्टी का उम्मीदवार खड़ा नहीं कर पाए, वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं और मुंगेरी लाल की तरह सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं।
यादव ने कहा, 'हमारी सरकार काम करना भी जानती है और नाकाम से निपटना भी जानती है।'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्यप्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में बंटाधार हो गया था और इसके लिए पटवारी को माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 55 साल के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सिर्फ पांच मेडिकल कॉलेज थे जबकि पिछले दो साल में ही भाजपा सरकार ने सात मेडिकल कॉलेज बना दिए।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार व्यवस्था और विकास के लिए दिल खोलकर काम कर रही है, इसलिए कांग्रेस की छाती पर सांप लोट रहा है और वे लोग झूठ बोल कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र अविनाश
अविनाश