चंडीगढ़, 31 मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बोर्ड परीक्षा में समान अंक पाने वाले विद्यार्थियों को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान दिये जाने का निर्देश दिया है।
एक छात्रा ने रविवार को शिक्षा विभाग की उस नीति पर सवाल उठाया था, जिसके तहत विद्यार्थियों के अंक समान होने पर शीर्ष तीन स्थान आयु के आधार पर दिए जाते हैं। छात्रा के सवाल उठाये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया।
इस नीति के अनुसार, यदि बोर्ड परीक्षा में तीनों विद्यार्थियों के अंक समान हों, तो उनमें से सबसे कम उम्र के विद्यार्थी को शीर्ष तीन स्थानों में प्रथम स्थान दिया जाता है।
पंजाब राज्य शिक्षा बोर्ड की कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के शीर्ष स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार के ‘सितारे जमीन ते’ कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र में अमृतसर की एक छात्रा खड़ी हुई और उसने पूछा कि जब विद्यार्थियों को समान अंक मिलते हैं, तो फिर तीनों में से सबसे कम उम्र के विद्यार्थी को शीर्ष स्थान क्यों मिलता है।
छात्रा ने पूछा, ‘‘हर बच्चा पढ़ता है और शिक्षक उन पर बराबर मेहनत करते हैं, लेकिन जब परिणाम आता है, तो कम उम्र वाला विद्यार्थी उच्च स्थान प्राप्त कर लेता है। ऐसा क्यों होता है?’’
छात्रा ने कहा, ‘‘हम अमृतसर से आए हैं और एक ही कक्षा में पढ़ रहे हैं। उम्र के आधार पर हमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान दिया गया है। हम सभी बराबर मेहनत करते हैं।’’
इस पर मान ने कहा, ‘‘हमारे लिए, आप तीनों प्रथम स्थान पर हैं।’’
इसके बाद छात्रा ने कहा कि केवल प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले और सबसे कम उम्र के विद्यार्थी को ही मंच पर बुलाया गया।
इस कार्यक्रम में मौजूद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से कहा, ‘‘आपकी व्यवस्था गलत है’’।
इसके बाद मान ने अधिकारियों की ओर इशारा करते हुए छात्रा से कहा कि उन्होंने पहले उनसे पूछा था कि तीन विद्यार्थियों को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान क्यों नहीं दिया गया।
फिर छात्रा ने कहा, ‘‘अगर तीनों विद्यार्थियों को प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला घोषित किया जाता, तो हम कहते कि शिक्षा प्रणाली बहुत अच्छी है।’’
मान ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने शिक्षा विभाग को विशेष निर्देश जारी किए कि समान अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जन्मतिथि के आधार पर रैंक तय करने के बजाय संयुक्त रूप से प्रथम स्थान दिया जाए।’’
एक अन्य छात्रा ने कहा कि उसके पिता चाहते हैं कि वह मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाए। छात्रा ने यह भी पूछा कि दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए क्यों नहीं बुलाया गया।
इसके बाद मान ने सभी विद्यार्थियों को अपने साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए बुलाया।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश